टी20 वर्ल्ड कप: पांचवें दिन ऑस्ट्रेलिया का आगाज, अफगानिस्तान के सामने ‘करो या मरो’ की चुनौती

टी20 वर्ल्ड कप: पांचवें दिन ऑस्ट्रेलिया का आगाज, अफगानिस्तान के सामने ‘करो या मरो’ की चुनौती

T20 World Cup Today Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे मुकाबलों का रोमांच भी चरम पर पहुंचता जा रहा है। टूर्नामेंट के पांचवें दिन यानी 10 फरवरी को कुल तीन अहम मैच खेले जाएंगे। दिन का सबसे बड़ा मुकाबला अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया का सामना आयरलैंड से और इंग्लैंड की भिड़ंत वेस्टइंडीज से होगी।


AFG vs SA: दिन की शुरुआत हाई-वोल्टेज मुकाबले से

आज का पहला मैच अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला सुबह 11 बजे शुरू होगा। अफगानिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि एक और हार उन्हें टूर्नामेंट से लगभग बाहर कर सकती है।

ग्रुप डी, जिसे ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ भी कहा जा रहा है, में अफगानिस्तान को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। अब टीम अहमदाबाद में वापसी की उम्मीद के साथ उतरेगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका अपने अभियान की दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगा। उन्होंने पहले मुकाबले में कनाडा को 56 रन से हराया था।

हेड-टू-हेड आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमें अब तक तीन टी20 मुकाबलों में आमने-सामने आई हैं और हर बार दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की है।

दक्षिण अफ्रीका स्क्वाड: एडेन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, मार्को जेनसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नोर्त्जे, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स।

अफगानिस्तान स्क्वाड: राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, अब्दुल्ला अहमदजई, सेदिकुल्लाह अटल, फजल हक फारूकी, रहमानुल्लाह गुरबाज, नवीन उल हक, मोहम्मद इशाक रहीमी, शाहिदुल्लाह कमाल, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नैब, अजमतुल्लाह उमरजई, मुजीब उर रहमान, दरविश रसूली, इब्राहिम जदरान।


AUS vs IRE: ऑस्ट्रेलिया की अभियान की शुरुआत

दिन का दूसरा मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा, जहां 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया आयरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा।

आयरलैंड को अपने पहले मैच में श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में टीम वापसी की कोशिश करेगी। वहीं मिचेल मार्श की अगुवाई में ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेगी।

दोनों टीमों के बीच अब तक दो टी20 मुकाबले हुए हैं और दोनों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है, जिससे उनका पलड़ा भारी नजर आता है।

ऑस्ट्रेलिया स्क्वाड: मिच मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा।

आयरलैंड स्क्वाड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, रॉस अडायर, बेन कैलिट्ज, कर्टिस कैंपर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लोर्कन टकर, बेन व्हाइट, क्रेग यंग।


ENG vs WI: दो पूर्व चैंपियनों की टक्कर

तीसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मैच जीतकर आत्मविश्वास हासिल किया है। इंग्लैंड ने नेपाल को चार रन से रोमांचक मुकाबले में हराया था, जबकि वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रन से मात दी थी।

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दोनों ही दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी हैं। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 38 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड ने 19 और वेस्टइंडीज ने 18 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा।

इंग्लैंड स्क्वाड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड।

वेस्टइंडीज स्क्वाड: शाई होप (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, जॉनसन चार्ल्स, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, जेसन होल्डर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोटी, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *