रिटायरमेंट के बाद अरिजीत सिंह ने शेयर किया पहला पोस्ट, खास लोगों के योगदान को किया याद

रिटायरमेंट के बाद अरिजीत सिंह ने शेयर किया पहला पोस्ट, खास लोगों के योगदान को किया याद

इंडियन सिनेमा के लोकप्रिय और दमदार सिंगर अरिजीत सिंह ने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया है। रिटायरमेंट की घोषणा के बाद अरिजीत को एक खास लाइव परफॉर्मेंस में देखा गया, जहां उन्होंने मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ मंच साझा किया। इस कॉन्सर्ट से वायरल हुई अरिजीत की आवाज की क्लिप ने उनके फैंस को भावुक कर दिया।

परफॉर्मेंस के दौरान अरिजीत ने खुलकर बताया था कि लंबे समय बाद स्टेज पर आते ही उन्हें घबराहट महसूस हो रही थी। हालांकि, दर्शकों से मिल रहा प्यार और सपोर्ट उन्हें हिम्मत देता रहा। इस यादगार शाम की शुरुआत अरिजीत ने बंगाली गीत ‘माया भरा राती’ से की थी। कॉन्सर्ट के बाद अब अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक थैंक्यू नोट भी शेयर किया है।

Playback छोड़ने के बाद अरिजीत का पहला पोस्ट

प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के बाद अरिजीत सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अनुष्का शंकर के लिए एक इमोशनल नोट लिखा। उन्होंने बताया कि अनुष्का के साथ स्टेज साझा करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। अरिजीत ने यह भी कहा कि वह लंबे समय से अनुष्का के संगीत के प्रशंसक रहे हैं और उनके काम से हमेशा प्रेरणा मिली है।

पोस्ट में अरिजीत ने अनुष्का शंकर की कला की जमकर तारीफ करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने यह भी साझा किया कि परफॉर्मेंस के बाद वह अनुष्का के घर गए, जहां दोनों ने साथ मिलकर एक नया म्यूजिक कंपोज किया।

गौरतलब है कि 27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने लिखा था,
“इतने सालों तक मुझे जो प्यार मिला, उसके लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं। अब मैं प्लेबैक सिंगिंग नहीं करूंगा। यह एक खूबसूरत सफर रहा।”

अरिजीत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत साल 2005 में रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी। उन्होंने 2011 में हिंदी सिनेमा में प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की और 2013 में फिल्म आशिकी 2 के गाने ‘तुम ही हो’ से उन्हें जबरदस्त पहचान मिली। अरिजीत के गाने आज भी करोड़ों लोगों की जिंदगी का हिस्सा हैं।

वहीं, पंडित रवि शंकर की बेटी अनुष्का शंकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित संगीतकार हैं। उन्हें अब तक 14 ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट किया जा चुका है और वह ग्रैमी अवॉर्ड्स में लाइव परफॉर्म करने वाली भारतीय मूल की पहली कलाकार हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *