गुमला पहुंचने पर भारतीय महिला फुटबॉलर अष्टम उरांव का सम्मान
गुमला जिले की प्रतिभावान फुटबॉल खिलाड़ी और भारतीय महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की सदस्य अष्टम उरांव का गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा सम्मान किया गया। गुमला समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो एवं उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने उन्हें सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने अष्टम उरांव को उनके खेल जीवन में निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
बनारी गोराटोली से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान तक का सफर
बिशुनपुर प्रखंड के बनारी गोराटोली गांव की रहने वाली अष्टम उरांव ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
वर्ष 2022 में भारत में आयोजित फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की थी। वर्तमान में वह भारतीय महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की सदस्य हैं और इंडियन विमेन्स लीग में भी अपना योगदान दे रही हैं।
उपायुक्त ने बताया जिले के लिए गौरव
सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि अष्टम उरांव की उपलब्धियां पूरे गुमला जिले के लिए गर्व का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है। उपायुक्त ने उन्हें जिले के युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने अष्टम उरांव को बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अष्टम उरांव आने वाले समय में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गुमला, झारखंड और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।
अष्टम उरांव ने जताया आभार
सम्मान प्राप्त करने के बाद अष्टम उरांव ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।
