बासुकीनाथ (दुमका): झारखंड के दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक आदिवासी किशोरी के साथ उसकी चाची के परिचित ने ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
घटना का विवरण: सोमवार को पीड़िता अपनी चाची के साथ जरमुंडी हाट गई थी। वहां चाची ने विजय मुर्मू नामक युवक को बुलाया। तीनों ने साथ में बासुकीनाथ मेला देखा। वापसी के दौरान सोगरा मोड़ पर चाची ने किशोरी को यह कहकर विजय के साथ बाइक पर भेज दिया कि वह परिचित है और वह खुद टोटो से पीछे आ रही है।
पहाड़ की तराई में वारदात: आरोपी विजय मुर्मू किशोरी को घर ले जाने के बजाय बाराटांड़ की तरफ पहाड़ की तराई में ले गया। वहां पहले से ही उसके दो अन्य साथी मौजूद थे। आरोप है कि विजय ने किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया और उसे बंधक बनाकर रखा।
धमकी देकर छोड़ा: देर रात करीब 11 बजे आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर किशोरी को भूरुंडिया चौक पर छोड़ दिया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
पुलिसिया कार्रवाई: मंगलवार को परिजनों के साथ थाना पहुंची पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विजय मुर्मू (निवासी: अरंडीहा, देवघर) और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है।
