रांची में खेलो इंडिया अस्मिता वूमेन साइकिलिंग ईस्ट जोन लीग का आयोजन 27 एवं 28 फरवरी 2026 को सिद्धू कान्हू वेलोड्रम स्टेडियम, खेलगांव में किया जा रहा है। भारतीय खेल प्राधिकरण और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में ईस्ट जोन के लगभग 450 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
रांची खेलो इंडिया अस्मिता वूमेन साइकिलिंग लीग का आयोजन
भारतीय खेल प्राधिकरण एवं साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशन में खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग लीग ईस्ट जोन का आयोजन 27 और 28 फरवरी 2026 को सिद्धू कान्हू वेलोड्रम स्टेडियम, खेलगांव रांची में किया जा रहा है।
इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शैलेंद्र पाठक, महासचिव झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन सह संयुक्त सचिव भारतीय साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, अभिजीत सेठ अध्यक्ष तकनीकी कमेटी, सुजीत कुमार उपाध्यक्ष झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन, रणवीर सिंह कोषाध्यक्ष झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन और सतविंदर कौर पूर्व साईं साइकिलिंग प्रशिक्षका ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।
उद्घाटन समारोह में ये अतिथि रहेंगे मौजूद
आयोजकों ने बताया कि दो दिवसीय खेलो इंडिया अस्मिता वूमेन साइकिलिंग ईस्ट जोन लीग के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राजमहल सांसद विजय हंसदा, डुमरी विधायक जयराम महतो सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
पांच इवेंट, 450 खिलाड़ी लेंगे भाग
प्रतियोगिता में कुल पांच इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। दो दिवसीय इस लीग में ईस्ट जोन के बिहार, उत्तर प्रदेश, वेस्ट बंगाल, असम, मणिपुर और उड़ीसा राज्यों के लगभग 450 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के संचालन के लिए भारतीय साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 30 से अधिक टेक्निकल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
समापन समारोह में खेल मंत्री होंगे शामिल
आयोजकों ने बताया कि समापन अवसर पर झारखंड के खेल मंत्री सुदीव कुमार सोनू, विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री अनुपमा सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
