सरकार की अर्थी के साथ सड़कों पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता, छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

सरकार की अर्थी के साथ सड़कों पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता, छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

रांची: लंबित छात्रवृत्ति के भुगतान को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। छात्रों के साथ-साथ अब राजनीतिक संगठनों से जुड़े युवा भी खुलकर सामने आने लगे हैं। पिछले दो वर्षों से राज्य के लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने के विरोध में 16 दिसंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक अर्थी जुलूस निकाला गया और सरकार विरोधी नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग लंबित छात्रवृत्ति का तत्काल भुगतान रही।

आंदोलन और होगा तेज: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में निकला जुलूस अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा, जहां अर्थी जुलूस लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। सरकार विरोधी नारों के बीच चौराहे पर पुतला दहन भी किया गया। इस मौके पर शशांक राज ने कहा कि एक तरफ छात्र गंभीर संकट में हैं, जबकि सरकार बेफिक्र बनी हुई है। छात्रवृत्ति नहीं मिलने को तकनीकी कारण बताकर सरकार अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो भाजयुमो इससे भी उग्र आंदोलन करेगा।

इस दौरान महानगर भाजपा नेता वरुण साहू ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दो वर्षों से लाखों छात्र छात्रवृत्ति से वंचित हैं और सरकार केवल बहानेबाजी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक योजना से पैसा हटाकर मंईयां योजना में लगाया जा रहा है। वरुण साहू ने कहा कि केंद्र सरकार पर दोष मढ़ने के बजाय राज्य सरकार को सभी तकनीकी अड़चनों को दूर कर छात्रों को जल्द भुगतान करना चाहिए, अन्यथा आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *