गुमला में भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से पिकअप सवार चार लोगों की मौके पर मौत

गुमला में भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से पिकअप सवार चार लोगों की मौके पर मौत

गुमला: जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एनएच-23 पर गुमला–रांची मुख्य मार्ग में भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गुमला एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने घटना की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के एनएच-23 पर भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के समीप एक हाइवा और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पिकअप में सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृतक रांची के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप वाहन में सवार सभी लोग रांची से गुमला तिलकुट बेचने जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद भरनो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सिसई रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *