बोकारो में तीन युवकों की संदिग्ध मौत, परिजनों ने 25 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग

बोकारो में तीन युवकों की संदिग्ध मौत, परिजनों ने 25 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग

बोकारो में तीन युवकों की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों ने सौंपा ज्ञापन

बोकारो: बालीडीह थाना क्षेत्र के राधा गांव नगर स्थित मोडवाडीह के समीप रेलवे ट्रैक पर 4 जुलाई को तीन युवकों के शव मिलने के मामले में परिजनों ने बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की गई है।

पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग

परिजनों ने ज्ञापन में कहा है कि 3 जुलाई को एक युवती द्वारा तीनों युवकों को बुलाया गया था। इसके अगले दिन यानी 4 जुलाई की सुबह रेलवे ट्रैक के पास तीनों के शव बरामद हुए।

परिजनों ने मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच कराने के साथ आरोपियों को पांच दिनों के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की है।

25-25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

ज्ञापन के माध्यम से मृतकों के परिजनों ने प्रत्येक परिवार को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी है।

एसडीओ ने उच्च अधिकारियों को भेजने की कही बात

अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि प्राप्त ज्ञापन को बोकारो के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया जाएगा।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने CID जांच की कही बात

झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि मामले की जांच सीआईडी से कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का जल्द खुलासा होगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि इस मामले को राज्य के वरीय अधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा गया है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *