रायपुर में दिल्ली दौरे से लौटने के बाद पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सीजीपीएससी, पेपर लीक और स्वास्थ्य व्यवस्था के मुद्दों पर सवाल उठाए। बैज ने घोषणा की कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए 15 अगस्त के बाद पूरे प्रदेश में ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा।
रायपुर में PCC चीफ दीपक बैज का बीजेपी सरकार पर तीखा हमला
दिल्ली दौरे से वापस लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति और राज्य के कई राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया से बात की। उन्होंने सीजीपीएससी, पेपर लीक और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि वे आरोप लगाकर सत्ता में आए हैं, इसलिए अब उन्हें जवाब देना चाहिए।
15 अगस्त के बाद शुरू होगा ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की योजना साझा करते हुए दीपक बैज ने बताया कि 15 अगस्त के बाद प्रदेशभर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।
संभागवार आयोजित होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
उन्होंने प्रशिक्षण अभियान की समय-सारणी स्पष्ट करते हुए बताया कि अगस्त महीने में सरगुजा और बस्तर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद सितंबर महीने में शेष तीन संभागों के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
