छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में महानदी का जलस्तर बढ़ने से बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ में 24 लोग फंस गए। मूसलाधार बारिश के बाद पानी से घिरे रिसॉर्ट से होमगार्ड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर पर्यटकों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बलौदाबाजार के रिसॉर्ट में बाढ़ का कहर, बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते महानदी उफान पर है। जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण बल्दाकछार स्थिति ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ पूरी तरह से पानी से घिर गया। इस दौरान रिसॉर्ट में मौजूद पर्यटक, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण बाहर नहीं निकल सके और वहीं फंस गए।
होमगार्ड और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और नगर सेना (होमगार्ड) की टीम तुरंत हरकत में आई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। नगर सेना के जवानों ने नावों और अन्य आवश्यक संसाधनों की मदद से रिसॉर्ट में फंसे 24 लोगों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
एसपी गौरव राय ने दी जानकारी
बलौदाबाजार के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ में कुछ पर्यटक बाढ़ के कारण फंस गए हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस और होमगार्ड की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया गया और सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
