FIRST PARAGRAPH: नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें देश के इतिहास का “सबसे युवा विरोधी” पीएम करार दिया। दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद राहुल गांधी का यह बयान आया।
पेपर लीक विरोध प्रदर्शन पर लाठीचार्ज के बाद भड़के राहुल गांधी
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन दिल्ली में Parliament Street के समीप पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग के बाद राजनीति गर्मा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
पीएम मोदी को बताया ‘सबसे युवा विरोधी’ प्रधानमंत्री
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भारत के इतिहास में सबसे ‘युवा विरोधी’ प्रधानमंत्री हैं और वे नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तक नहीं ले सकते।
152 पेपर लीक और 7.5 करोड़ छात्रों के प्रभावित होने का दावा
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में 152 पेपर लीक हुए हैं, जिससे 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि एक भी दोषी को सजा नहीं मिली, जबकि कठोर परिश्रम करने वाले युवाओं और छात्रों को सजा के तौर पर लाठियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा
विपक्ष के नेता ने कहा कि जब छात्र शिक्षा से जुड़े अपने जायज सवाल उठाते हैं, तो सरकार की ओर से उन्हें हिरासत और लाठीचार्ज का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक करने वाले अपराधी खुले घूम रहे हैं, जबकि अपनी बात रखने वाले छात्रों को घसीटा और पीटा जा रहा है।
