धनबाद: हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस रविवार देर रात धनबाद जंक्शन पहुंची, जहां ट्रेन के आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा और डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने पुष्प अर्पित कर ट्रेन का अभिनंदन किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रेलवे प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ट्रेन के धनबाद पहुंचते ही सांसद ढुल्लू महतो इंजन पर सवार हो गए, जबकि विधायक राज सिन्हा इंजन तक नहीं पहुंच सके। अमृत भारत एक्सप्रेस का धनबाद में निर्धारित आगमन समय रात 8:55 बजे था, लेकिन ट्रेन कुछ विलंब से स्टेशन पर पहुंची।
इस मौके पर सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि अब धनबाद में विकास और उपलब्धियों की तस्वीर दिखाई देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और ट्रेन परिचालन के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। सांसद ने बताया कि आनंद विहार एक्सप्रेस फिलहाल सप्ताह में एक दिन चलेगी, लेकिन भविष्य में इसके नियमित संचालन की संभावना है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि धनबाद से बक्सर के लिए सीधी ट्रेन चलाने को लेकर रेल मंत्री से बातचीत हुई है, जिस पर सकारात्मक आश्वासन मिला है।
गौरतलब है कि हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल के साथ-साथ झारखंड के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक साथ तीन नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, जिनमें से एक ट्रेन धनबाद होकर गुजरती है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से धनबाद वासियों को दिल्ली जाने के लिए एक और बेहतर विकल्प मिला है। यह ट्रेन 22 जनवरी से साप्ताहिक रूप से संचालित होगी।
