अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने NASA से लिया रिटायरमेंट, 27 साल तक की सेवा

अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने NASA से लिया रिटायरमेंट, 27 साल तक की सेवा

भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने 27 साल की लंबी सेवा के बाद नासा से रिटायरमेंट ले लिया है। उनका रिटायरमेंट 27 दिसंबर, 2025 से प्रभावी माना गया। इस दौरान उन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर तीन मिशन पूरे किए और कई ह्यूमन स्पेसफ्लाइट रिकॉर्ड बनाए। इसमें स्पेस में कुल 608 दिन बिताना भी शामिल है, जो किसी अमेरिकी एस्ट्रोनॉट द्वारा अब तक का दूसरा सबसे लंबा रिकॉर्ड है।

नासा ने दी बधाई
नासा के प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने कहा कि सुनीता विलियम्स ह्यूमन स्पेसफ्लाइट में एक ट्रेलब्लेजर रही हैं। उन्होंने स्पेस स्टेशन पर अपनी लीडरशिप से एक्सप्लोरेशन के भविष्य को आकार दिया और लो अर्थ ऑर्बिट में कमर्शियल मिशन के लिए रास्ता बनाया। उनके काम ने चांद के आर्टेमिस मिशन और मंगल की ओर बढ़ने की नींव रखी। इस दौरान उनकी असाधारण उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेंगी।

स्पेस में 608 दिन और रिकॉर्ड स्पेसवॉक
सुनीता विलियम्स ने स्पेस में कुल 608 दिन बिताए। वह अमेरिकी एस्ट्रोनॉट बुच विल्मोर के बराबर किसी सिंगल स्पेसफ्लाइट में लंबे समय तक रहने वाली सूची में छठे नंबर पर हैं। उन्होंने 9 स्पेसवॉक पूरे किए, जिनकी कुल अवधि 62 घंटे 6 मिनट रही, जो किसी महिला द्वारा किए गए स्पेसवॉक्स में सबसे लंबा समय है। इसके अलावा, वह स्पेस में मैराथन दौड़ने वाली पहली महिला भी रही हैं।

सुनीता के योगदान की तारीफ
ह्यूस्टन स्थित नासा जॉनसन स्पेस सेंटर की डायरेक्टर वैनेसा वाइचे ने कहा कि सुनीता विलियम्स ने हमेशा लीडरशिप दिखाई। उनके योगदान और उपलब्धियों ने मिशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आने वाली पीढ़ियों के एक्सप्लोरर्स को प्रेरित किया।

रिकॉर्ड तोड़ मिशन
विलियम्स ने दिसंबर 2006 में STS-116 मिशन के दौरान पहली बार स्पेस शटल डिस्कवरी से लॉन्च किया और STS-117 क्रू के साथ स्पेस शटल अटलांटिस से वापस आईं। उन्होंने एक्सपीडिशन 14/15 में फ्लाइट इंजीनियर के रूप में काम किया और चार रिकॉर्ड तोड़ स्पेसवॉक किए। 2012 में, एक्सपीडिशन 32/33 के लिए उन्होंने कजाकिस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से 127 दिन के मिशन पर लॉन्च किया।

सुनीता ने रेडिएटर लीक ठीक करने और सोलर एरे कंपोनेंट बदलने के लिए तीन स्पेसवॉक किए। जून 2024 में उन्होंने बोइंग क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन के हिस्से के तौर पर स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से लॉन्च किया और एक्सपीडिशन 71/72 में भाग लिया। मार्च 2025 में वह स्पेसएक्स क्रू-9 मिशन के तहत धरती पर लौटीं।

NASA जॉनसन ऑफिस के चीफ स्कॉट टिंगल ने कहा कि सुनीता तेज, प्रेरक और एक बेहतरीन साथी रही हैं। उन्होंने बहुत लोगों को इंस्पायर किया और नासा के लिए उनका योगदान कभी नहीं भूला जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *