छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीबों को समय पर राशन न देने का आरोप लगाया है। बैज ने डिप्टी सीएम अरुण साव और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा की दमनकारी नीतियों और जेल की धमकियों से डरने वाली नहीं है।
छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और राजनीतिक बयानों को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि गरीब हितग्राहियों को अगस्त का राशन अब तक नहीं मिल पाया है। लोग राशन दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
बैज ने आगे कहा कि राशन दुकानों में चीनी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे बाजार में शक्कर की कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसके अलावा, बस्तर क्षेत्र में मिलने वाला चना और गुड़ भी कई महीनों से गरीबों तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने सरकार से PDS व्यवस्था को तुरंत सुधारने की मांग की।
डिप्टी सीएम अरुण साव के ‘कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि भाजपा मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में NEET, अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, चीन का कब्जा, महिला आरक्षण और E-20 पेट्रोल जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के कांग्रेस के लिए ‘जेल को तीर्थ स्थल’ बताने वाले बयान पर बैज ने कहा कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि षड्यंत्रपूर्वक नेताओं को जेल भेजा जाएगा, तो भी कांग्रेस डरने वाली नहीं है। अभनपुर विवाद पर बैज ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को संयम बरतना चाहिए और मामले की जांच की जानी चाहिए।
