पाटन के आसोगा गांव में आपसी विवाद के बाद हत्या
पाटन के रानीतराई थाना अंतर्गत ग्राम आसोगा में आपसी विवाद के बाद एक युवक की सब्बल से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना 11 सितंबर की दोपहर की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आसोगा निवासी 35 वर्षीय कामता कोसरे और 26 वर्षीय भूपेन्द्र टंडन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद भूपेन्द्र टंडन ने कथित तौर पर सब्बल से कामता पर कई वार कर दिए।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सब्बल से हमले में कामता कोसरे गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे तत्काल पाटन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, सब्बल बरामद
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में रानीतराई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र टंडन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्बल भी बरामद कर जब्त किया है।
हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
