छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण वर्ष 2025-26 के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दलों की अंतरिम चयन सूची जारी कर दी है। जारी की गई सूची पर यदि किसी प्रतिभागी को कोई आपत्ति है, तो वह 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है।
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण वर्ष 2025-26 के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दलों की अंतरिम चयन सूची घोषित कर दी है। विभाग की ओर से अलग-अलग खेलों और श्रेणियों में पात्र प्रतिभागियों का चयन किया गया है।
जारी सूची को लेकर यदि किसी खिलाड़ी या प्रतिभागी को कोई आपत्ति है, तो वह 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय-सीमा बीत जाने के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार ओलंपिक श्रेणी में आर्चरी के लिए बिलासपुर के विकास कुमार (47 अंक), फुटबॉल में बालोद की किरण पिस्दा (37 अंक) और फेंसिंग में दुर्ग की दीपांशी नेताम (7 अंक) का चयन हुआ है। बैडमिंटन में रायपुर के सुजेय तंबोली और आयुष माखिजा (6-6 अंक) संयुक्त रूप से चयनित हुए हैं।
नॉन-ओलंपिक खेलों में कबड्डी के लिए कोरबा की संजू देवी (277 अंक) का चयन हुआ है। वहीं सॉफ्ट टेनिस में सारंगढ़-बिलाईगढ़ की रीमा राय और नेटबॉल में दुर्ग की मिशा कुमारी (7-7 अंक) संयुक्त रूप से चयनित हुई हैं। पैरा स्पोर्ट्स में महासमुंद की लक्की यादव को पैरा एथलेटिक्स में 93 अंक मिले हैं।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार ओलंपिक श्रेणी में शूटिंग के लिए रायगढ़ के दिव्यांशु देवांगन (17 अंक), आर्चरी में बिलासपुर के विक्रम राज (15 अंक), बैडमिंटन में रायपुर के दिव्यांश अग्रवाल (6 अंक) और एथलेटिक्स में सूरजपुर की सोनिका राजवाड़े (4 अंक) का चयन हुआ है।
नॉन-ओलंपिक खेलों में रायगढ़ के स्वप्निल प्रधान और नारायणपुर की भूमिका चौधरी वुशू में 15-15 अंक के साथ संयुक्त रूप से चयनित हुए हैं। नेटबॉल में धमतरी की पूजा (4 अंक) और पैरा स्पोर्ट्स में बलौदाबाजार के निखिल कुमार यादव (31 अंक, पैरा एथलेटिक्स) चयनित हुए हैं।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार एवं शहीद पंकज विक्रम सम्मान वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के तहत प्रशिक्षक वर्ग में वेटलिफ्टिंग के लिए रायपुर के अजय दीप सारंग (124 अंक) का चयन किया गया है, जबकि निर्णायक वर्ग में कोई भी पात्र नहीं मिला।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान श्रेणी में कुल 17 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया है। इनमें वुशू से संस्कार दिवान व विद्या सिंह, खो-खो से अंकुश सिंह व झमिता साहू, वॉलीबॉल से हेमशिखर, टेबल टेनिस से अरन्दिम देवनाथ, टेनिकवाइट से शिवांशु केशरवानी व अदिती कुमारी, तैराकी से आजिंक्या सिंह, जूडो से स्नेहा न्योगी व अनमोल सिंह, पैरा स्विमिंग से सेमेश्वर सिंह, बॉक्सिंग से यश करकेट्टा, पैरा जूडो से श्रीकांत पाण्डे, जिम्नास्टिक से टुकेश साहू, रोलबॉल से स्तुती सोफिया मासीह और हॉकी से खुशाल यादव शामिल हैं।
