टीम इंडिया ने 21 जनवरी को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में 238 रन बनाकर इतिहास रच दिया। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम का 44वां 200+ स्कोर है, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है। इन 44 मैचों में टीम को केवल 5 बार हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 37 बार जीत हासिल हुई। भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर 297/6 है, जो 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया गया था। वहीं, टीम का सबसे बड़ा सफल चेज 211 रन रहा है।
टीम इंडिया ने 200+ रन कब-कब बनाए?
टी20 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा 8 बार 200 से अधिक रन बनाए हैं। इसके बाद क्रमशः ऑस्ट्रेलिया 7 बार, श्रीलंका 6 बार, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड 5-5 बार, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और अफगानिस्तान 3-3 बार, बांग्लादेश 2 बार और जिम्बाब्वे व नेपाल 1-1 बार शामिल हैं।
सबसे ज्यादा 200+ स्कोर
टी20 क्रिकेट में भारत का यह 44वां 200+ स्कोर है, जो इंग्लैंड की टीम समरसेट (40) से आगे है। इंटरनेशनल टी20 में भारत सबसे आगे है। इसके बाद साउथ अफ्रीका 27 बार, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड 25-25 बार, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज 24-24 बार और पाकिस्तान 16 बार 200+ स्कोर बनाने में सफल रही हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा स्कोर
इस मैच के साथ ही भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा टी20 स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया का 245/5 (ऑकलैंड 2018) है, दूसरे नंबर पर इंग्लैंड का 241/3 (नेपियर 2019) है और भारत का 238/7 (नागपुर 2026) तीसरे स्थान पर है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़े स्कोर (टी20):
- 245/5 – ऑस्ट्रेलिया, ऑकलैंड 2018
- 241/3 – इंग्लैंड, नेपियर 2019
- 238/7 – भारत, नागपुर 2026
- 236/4 – इंग्लैंड, क्राइस्टचर्च 2025
पहले टी20 में भारत की जीत
नागपुर में खेले गए पहले मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने सबसे शानदार 85 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन ही बना सकी, जिससे भारत को 48 रनों की शानदार जीत मिली। सीरीज का दूसरा मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा।
