चार महीने से खराब है ट्रांसफार्मर
गुमला जिले के सिसई प्रखंड क्षेत्र स्थित ओलमुंडा पंचायत के अमकुली करम टंगरा गांव के ग्रामीण पिछले करीब चार महीने से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत या नया ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
ढिबरी के सहारे बच्चों की पढ़ाई
लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को मजबूरन ढिबरी के सहारे काम चलाना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर अन्य दैनिक कार्यों के लिए भी लोग ढिबरी पर निर्भर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार मिट्टी का तेल भी करीब 160 रुपये प्रति लीटर की दर से बहुत मुश्किल से मिल पा रहा है। बिजली नहीं होने से मोबाइल चार्ज करने और घरेलू कामकाज में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश और रात में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात और रात के समय बिजली की समस्या और गंभीर हो जाती है। उनके अनुसार कई बार घरों में जहरीले सांप भी घुस जाते हैं और अंधेरे के कारण उन्हें देखने में परेशानी होती है।
महिलाओं को भी घरेलू कार्य करने में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द खराब ट्रांसफार्मर बदलकर गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
वज्रपात से ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार वज्रपात होने के कारण ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर का स्थान बदल दिया जाए तो वज्रपात से खराब होने की समस्या को कम किया जा सकता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इस दिशा में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि आधुनिक दौर में भी चार महीने से बिजली के बिना रहना उनके लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है।
