झारखंड के देवघर में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। दुबे ने रविवार को कहा कि जनसमर्थन घटने के कारण राहुल गांधी कलाकारों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वह दिन दूर नहीं जब राहुल गांधी को मंच पर राखी सावंत के साथ खड़ा होना पड़ेगा।
देवघर में भाजपा सांसद का कांग्रेस नेता पर बड़ा हमला
देवघर में अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने मीडियाकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सुनने के लिए जनता नहीं आ रही है, इसलिए वह अपने मंच पर कलाकारों को बुलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
इंदौर की घटना और Neha Rathore का जिक्र
निशिकांत दुबे का यह बयान मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के संदर्भ में आया। इस कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल उतारी थी। दुबे ने कहा कि हाल ही में गुजरात के एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने नेहा राठौर के साथ मंच साझा किया था और अब वह दिन दूर नहीं जब उन्हें राखी सावंत के साथ मंच साझा करना पड़ेगा।
इंदौर कार्यक्रम विवाद और DUSU चुनाव परिणाम
पुलकित मणि ने इंदौर कार्यक्रम में पीएम मोदी के हाव-भाव और 2024 की पश्चिम बंगाल रैली में एक बुजुर्ग महिला को कुर्सी देने के दृश्य का नाटक किया था, जिस पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा ने राहुल गांधी पर महिला का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है। वहीं, बातचीत के दौरान भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में जीत दर्ज करने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को बधाई भी दी।
