रांची में चेन स्नेचिंग पर पुलिस की रणनीति
रांची में चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर रोक और पुराने मामलों के जल्द उद्भेदन को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान चेन स्नेचिंग के हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों की समीक्षा की गई।
हॉटस्पॉट और एग्जिट प्वाइंट की होगी निगरानी
पुलिस ने अपराधियों के संभावित रूट और एग्जिट प्वाइंट को भी चिन्हित कर निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। ऐसे इलाकों में नियमित गश्ती के साथ सादे लिबास में जवानों की तैनाती की जाएगी।
बाजार, चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महिलाओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से होगी पहचान
पुलिस घटनास्थल के साथ अपराधियों के संभावित रास्तों के CCTV फुटेज की जांच करेगी। इसके जरिए संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जाएगी।
चेन स्नेचिंग के मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए SIT का गठन किया गया है। वहीं टेक्निकल सेल को CCTV, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए अपराधियों और उनके नेटवर्क का पता लगाने का निर्देश दिया गया है।
पुराने अपराधियों की भी होगी प्रोफाइलिंग
पुलिस पूर्व में चेन स्नेचिंग या इसी तरह के अपराधों में शामिल रहे आरोपियों की प्रोफाइलिंग और सत्यापन भी कर रही है।
जेल से बाहर आए ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई में तकनीकी निगरानी के साथ मैदानी स्तर पर गश्ती को भी शामिल किया गया है।
