सीतापुर में पीड़ित परिवारों से मिले अजय राय
सीतापुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद राकेश राठौर ने विभिन्न दुखद घटनाओं से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सबसे पहले अजय राय और राकेश राठौर रामकोट थाना क्षेत्र के मढ़िया रहीमपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने योगेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात की।
योगेंद्र सिंह के परिजनों से की मुलाकात
लखनऊ में होमगार्ड भर्ती के दौरान हुई घटना में योगेंद्र सिंह की मौत के बाद परिवार सदमे में है। अजय राय और राकेश राठौर ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।
पंजाबी धर्मशाला हादसे में दिवंगत के परिवार से मिले
इसके बाद दोनों नेता विजयलक्ष्मी नगर स्थित पंजाबी धर्मशाला हादसे में दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता शम्मी कपूर की पत्नी के आवास पहुंचे।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
अजय राय और राकेश राठौर इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने पंजाबी धर्मशाला हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
