कोंच में मोबाइल चोरी का 24 घंटे में खुलासा
जालौन के कोंच कोतवाली पुलिस ने सैमसंग F17 मोबाइल चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, Jio की सिम, 250 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 सितंबर को कार्रवाई की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहाड़गांव-पूंछ रोड पर ग्राम दाढ़ी के आगे नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। इसी दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन तिवारी (21) पुत्र भूरे तिवारी, सोनू तिवारी (29) पुत्र उत्तम तिवारी और हर्ष वर्मा उर्फ बेटू (19) पुत्र श्यामबाबू वर्मा के रूप में हुई है। तीनों गोखले नगर, कोंच के निवासी बताए गए हैं।
चोरी का मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से काले रंग का सैमसंग F17 मोबाइल फोन और Jio की सिम बरामद की है। इसके अलावा 250 रुपये नकद भी बरामद हुए।
वारदात में इस्तेमाल Hero Splendor Plus मोटरसाइकिल संख्या UP92AV1406 को भी पुलिस ने बरामद किया है।
आरोपियों को न्यायालय में किया पेश
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शुभम सिंह परमार, हेड कांस्टेबल अवनीश कुमार, सोनू डागुर और कांस्टेबल अंशुल यादव शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 202/2026 के तहत धारा 303(2)/317(2) BNS में कार्रवाई की। इसके बाद तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
