आजमगढ़ में दिव्यांग पेंशन की किस्तें अलग-अलग आएंगी, जानें वजह

आजमगढ़ में दिव्यांग पेंशन की किस्तें अलग-अलग आएंगी, जानें वजह

आजमगढ़ जनपद के दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 से राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के भुगतान की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।

भारत सरकार के निर्देशानुसार विभाग ने योजना को राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत SNA SPARSH पोर्टल पर ऑनबोर्ड कर दिया है। अब लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि इसी पोर्टल के माध्यम से भेजी जा रही है।

नई व्यवस्था के कारण कुछ लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि एक साथ आने के बजाय दो अलग-अलग किस्तों में पहुंच सकती है।

खाते में ₹2100 और ₹900 अलग-अलग आ सकते हैं

विभागीय जानकारी के अनुसार, भारत सरकार और राज्य सरकार के हिस्से की भुगतान प्रक्रिया अलग-अलग की जा रही है। इसके लिए साइबर ट्रेजरी द्वारा दोनों सरकारों की अलग-अलग पेमेंट फाइल प्रोसेस की जा रही हैं।

इसी वजह से पहली त्रैमासिक किस्त की पूरी धनराशि एक साथ लाभार्थियों के बैंक खातों में नहीं पहुंचेगी। किसी लाभार्थी के खाते में पहले ₹2100 आ सकते हैं, जबकि किसी अन्य लाभार्थी के खाते में पहले ₹900 की राशि पहुंच सकती है।

पहली त्रैमासिक किस्त की कुल राशि ₹3000

विभागीय जानकारी के मुताबिक, पहली त्रैमासिक किस्त के रूप में कुल ₹3000 निर्धारित हैं। यदि किसी लाभार्थी के खाते में फिलहाल केवल ₹900 या ₹2100 ही आए हैं, तो उसे शेष राशि के लिए कुछ समय प्रतीक्षा करने की सलाह दी गई है।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने की अपील

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आजमगढ़ शान्त प्रकाश श्रीवास्तव ने जनपद के सभी संबंधित दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि वे नई भुगतान व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न रखें।

उन्होंने बताया कि पेंशन की राशि अलग-अलग समय पर प्राप्त होना तकनीकी एवं भुगतान प्रक्रिया का हिस्सा है। इसलिए खाते में पहली बार ₹900 या ₹2100 आने पर लाभार्थियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *