बस्तर में गरीबों के राशन पर डाका, 378 बोरी PDS चावल और ट्रक जब्त

जगदलपुर में खाद्य विभाग द्वारा जब्त 378 बोरी पीडीएस चावल और अवैध परिवहन में लगा ट्रक

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनुपमा चौक के पास से 378 बोरी पीडीएस चावल, 6 बोरी चना और एक ट्रक जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 7.5 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस और खाद्य विभाग पीडीएस राशन की अवैध कालाबाजारी की जांच में जुट गए हैं।

जगदलपुर में खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 7.5 लाख का राशन जब्त

भारत मंथन लाइव न्यूज। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गरीबों के हक का राशन अवैध कारोबारियों के निशाने पर है। खाद्य विभाग की टीम ने जगदलपुर शहर के अनुपमा चौक के पास दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

इस दौरान टीम ने 378 बोरी पीडीएस चावल और 6 बोरी पीडीएस चना जब्त किया है। जब्त किए गए राशन और ट्रक की कुल कीमत 7.5 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। बस्तर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों के भीतर खाद्य विभाग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

गोदाम से सीधे ट्रक में लोड हो रहा था सरकारी राशन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीबों के लिए आया सरकारी राशन अवैध रूप से बाजार में खपाने की तैयारी चल रही है। सूचना के आधार पर टीम ने भवानी चाट भंडार के पीछे स्थित एक गोदाम में अचानक दबिश दी।

मौके पर राशन चावल गोदाम से सीधे ट्रक में लोड किया जा रहा था। जांच के दौरान कुल 186 क्विंटल पीडीएस चावल बरामद किया गया। खाद्य विभाग की टीम ने मौके से ट्रक (क्रमांक CG 04 LC 9409) को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिटी कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हाट-बाजार से खरीदी का दावा, खाद्य विभाग कर रहा जांच

प्राथमिक पूछताछ में गोदाम संचालक मोहम्मद जिलानी ने खाद्य विभाग को बताया कि वह हाट-बाजारों और फुटकर माध्यमों से चावल खरीदकर आगे बड़े व्यापारियों को बेचता था।

हालांकि खाद्य विभाग गोदाम संचालक के इस दावे की गहराई से जांच कर रहा है। विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि गरीबों के लिए आवंटित पीडीएस चावल राशन दुकानों से निकलकर निजी गोदामों और अवैध बाजार तक कैसे पहुंचा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *