छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर प्लेसमेंट एजेंसी मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मंडल ने कंपनी की 10 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जब्त करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का बड़ा एक्शन: प्लेसमेंट एजेंसी ब्लैकलिस्ट, 10 लाख रुपये सिक्योरिटी जब्त
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाली प्लेसमेंट एजेंसी मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (राजनांदगांव) के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। एजेंसी द्वारा अनुबंध की शर्तों के गंभीर उल्लंघन और कर्मचारियों के हितों से खिलवाड़ की शिकायत सही पाए जाने के बाद यह बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
10 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जब्त
मंडल ने निविदा की शर्तों के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए एजेंसी की 10 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (Performance Security) राशि को पूरी तरह से राजसात कर लिया है। इसके साथ ही मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस को मंडल के अंतर्गत कार्य करने वाली एजेंसियों की काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डाल दिया गया है।
गौरतलब है कि नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल और पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा संयुक्त निविदा के तहत 1 जुलाई 2023 को इस एजेंसी के साथ अनुबंध किया गया था, जिसकी अवधि मार्च 2026 में समाप्त हो चुकी है।
जांच में खुली पोल: 5 महीने तक वेतन से काटी गई सुरक्षा निधि
निविदा की तय अवधि समाप्त होने के बाद मंडल मुख्यालय में पदस्थ कर्मचारियों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। कर्मचारियों का आरोप था कि एजेंसी ने लगातार पांच महीनों तक उनके वेतन से ‘सुरक्षा निधि’ के नाम पर कटौती की। एजेंसी ने कार्यकाल खत्म होने पर यह राशि वापस लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में भुगतान नहीं किया गया। जांच में यह शिकायत पूरी तरह सच पाई गई, जिसके बाद मंडल ने यह सख्त फैसला लिया।
