दिल्ली में पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने किया रावण दहन, दिया संदेश

दिल्ली में विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विजयादशमी के पावन अवसर पर नई दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित डीडीए ग्राउंड में रावण दहन किया और देश के दुश्मनों के खिलाफ मिलकर लड़ने का आह्वान किया। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने द्वारका सेक्टर 10 में दशहरा समारोह के दौरान रावण के पुतले का दहन किया।

दिल्ली में विजयादशमी पर रावण दहन और पीएम मोदी का संबोधन

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में विजयादशमी के पावन अवसर पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार आईपी एक्सटेंशन स्थित डीडीए ग्राउंड में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में हिस्सा लिया और रावण का वध किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजयादशमी के मौके पर भगवान राम के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि आज देश का जन-जन अधर्म पर धर्म की जीत का उद्घोष कर रहा है।

भगवान राम ने रावण का अंत कर मानवता को ऐसे आदर्श दिए जो इतिहास में अतुलनीय हैं। उन्होंने कठिनाइयों के बावजूद सच्चाई और नीति का मार्ग नहीं छोड़ने की सीख दी। पीएम मोदी ने जनता को जनार्दन मानकर ‘नागरिक देवो भव:’ के मंत्र पर आगे बढ़ने पर जोर दिया और कहा कि गरीबों व वंचितों की सेवा सर्वोपरि होनी चाहिए।

देश के दुश्मनों से मिलकर लड़ने का आह्वान

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि देश के मान-सम्मान को चोट पहुंचाने वाली ताकतों, समाज को बांटने वाले लोगों और भारतीय संस्कृति से नफरत करने वाली मानसिकता से देश के दुश्मनों के रूप में मिलकर लड़ना होगा।

इधर, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर 10 में आयोजित दशहरा समारोह के दौरान रावण के पुतले पर प्रतीकात्मक तीर चलाकर रावण दहन किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने विजयादशमी के पावन अवसर पर देश-विदेश के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार अधर्म तथा अन्याय पर धर्म व न्याय की विजय का प्रतीक है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *