गुमला के सिसई में अंचल दिवस, भूमि मामलों का मौके पर निष्पादन

गुमला के सिसई में अंचल दिवस, भूमि मामलों का मौके पर निष्पादन

सिसई अंचल दिवस में उपायुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

गुमला जिले के सिसई अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित विशेष “अंचल दिवस” कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अंचल कार्यालय परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर और भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई।

इस अवसर पर उपायुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

भूमि एवं राजस्व मामलों का हुआ ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और शिकायतों के साथ पहुंचे। इनमें अधिकांश मामले भूमि एवं राजस्व से जुड़े थे।

उपायुक्त ने भूमि मापी, दाखिल-खारिज, लगान रसीद निर्गमन, सीमांकन तथा राजस्व अभिलेखों में सुधार से संबंधित मामलों की सुनवाई की। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि लंबित एवं जटिल मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

प्रमाण पत्रों का भी किया गया वितरण

अंचल दिवस के दौरान पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता के आवेदन और शिकायतों को बिना उचित कारण लंबित न रखा जाए तथा राजस्व मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का प्रयास

उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि अंचल दिवस का उद्देश्य प्रशासन की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़े मामले लोगों के जीवन और आजीविका से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इनका समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

स्थानीय उत्पादों का भी हुआ प्रदर्शन

कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आम का विशेष स्टॉल लगाया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सिसई रेफरल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

अंचल दिवस कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने सिसई स्थित रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

चिकित्सा प्रभारी ने उपायुक्त को बताया कि अस्पताल का वर्तमान भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में है और भवन की छत के हिस्से टूटकर गिर रहे हैं, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को खतरा है।

जर्जर भवन को कंडम घोषित करने के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल भवन को तत्काल कंडम घोषित करने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को नए एवं आधुनिक अस्पताल भवन के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव अग्रसारित करने का निर्देश भी दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सिसई सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *