जगदलपुर में यातायात पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम
आगामी त्योहारों के मद्देनजर जगदलपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की ओर से पहल की गई। त्योहारों के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं से बचने के उद्देश्य से बस्तर परिवहन संघ में यातायात जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और यातायात डीएसपी जयराम चेरमाको के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
वाहन चालकों को यातायात नियमों की दी गई समझाइश
कार्यक्रम में मौजूद संघ के पदाधिकारियों, वाहन मालिकों और चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही वाहनों को निर्धारित और व्यवस्थित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने के लिए कहा गया।
सड़कों को जाम से मुक्त रखने के लिए मुख्य मार्ग या सड़क के किनारे वाहनों को असुरक्षित तरीके से खड़ा नहीं करने की विशेष हिदायत दी गई।
180 लोगों ने लिया सुरक्षित यातायात का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित संघ पदाधिकारियों, वाहन मालिकों और चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। करीब 180 लोगों ने सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने के लिए संकल्प पत्र पर शपथ ली।
