श्याम नगर ओवरब्रिज पर गड्ढे से हादसा
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर ओवरब्रिज पर मंगलवार रात गड्ढे के कारण दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर जाम की स्थिति बन गई।
गड्ढे में जाने से अनियंत्रित हुई बाइक
दहेली सुजानपुर केडीए कॉलोनी निवासी शिवा वर्मा बाइक से पीएसी से श्याम नगर की ओर जा रहे थे। वहीं, कोयला नगर निवासी कमल जायसवाल श्याम नगर पुल से पीएसी की ओर आ रहे थे।
बताया गया कि शिवा की बाइक ओवरब्रिज पर मौजूद गड्ढे में जाने के बाद अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही कमल की बाइक से टकरा गई।
एक घायल को हैलट किया गया रेफर
टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने दोनों को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद शिवा के परिजन उन्हें रामादेवी स्थित निजी अस्पताल ले गए, जबकि गंभीर हालत के चलते कमल को हैलट रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने उठाया गड्ढों का मुद्दा
स्थानीय लोगों अभिषेक, राजेश आदि का कहना है कि श्याम नगर ओवरब्रिज पर जगह-जगह गड्ढे हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं। उनका आरोप है कि इसके बावजूद ओवरब्रिज की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
