बिहार के नालंदा जिले में हरनौत थाना क्षेत्र के NH-20 पर मंगलवार को एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
NH-20 पर भीषण सड़क हादसा
नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-20 पर मुढारी गांव के पास एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। पटना से बिहारशरीफ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित हो गई।
बताया जा रहा है कि वाहन पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी बुलेट बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
इस टक्कर की चपेट में आकर तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कल्याण बीघा ले जाया गया।
इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। मृतक की पहचान सुखनंदन प्रसाद के पुत्र भूषण कुमार (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया घटनाक्रम
स्थानीय ग्रामीण जितेंद्र कुमार के अनुसार, कार पटना से बिहारशरीफ की ओर जा रही थी। मुढारी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
