राजधानी से सटे नवा रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार कार पर युवकों के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में युवकों ने अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल दी। इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
नवा रायपुर की सड़क पर रील बनाने के लिए जानलेवा स्टंट
छत्तीसगढ़ की राजधानी से लगे नवा रायपुर क्षेत्र में सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार कार पर सवार होकर खतरनाक करतब दिखाते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
रील के चक्कर में जोखिम में डाली जान
प्रसारित वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि युवक चलती हुई तेज रफ्तार कार के ऊपर और खिड़कियों से बाहर निकलकर जानलेवा स्टंट कर रहे हैं। रील बनाने की होड़ में किए गए इस खतरनाक कृत्य से न सिर्फ कार सवार युवकों की सुरक्षा पर संकट बना, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ गई। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले, ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का इंतजार
नवा रायपुर की चौड़ी और व्यस्त सड़कों पर स्टंटबाजी व रील बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है। फिलहाल इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।
