पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सत्र के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। न्यूयॉर्क में आयोजित स्वागत रात्रिभोज के दौरान दोनों नेताओं की यह मुलाकात होगी। शरीफ 25 सितंबर को यूएनजीए को संबोधित करेंगे।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 23 सितंबर को न्यूयॉर्क में डोनाल्ड ट्रंप से करेंगे मुलाकात
इस्लामाबाद से आई एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सत्र से इतर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे।
लोटे न्यूयॉर्क पैलेस होटल में रात्रिभोज के दौरान होगी मुलाकात
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप 23 सितंबर की शाम मैडिसन एवेन्यू स्थित लोटे न्यूयॉर्क पैलेस होटल में एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन कर रहे हैं।
यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के सम्मान में रखा गया है। ‘द न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को इस आधिकारिक रात्रिभोज का निमंत्रण प्राप्त हुआ है।
दोनों नेताओं के बीच पूर्व में हुई मुलाकातें
यह आयोजन प्रधानमंत्री शरीफ को अन्य अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रपति ट्रंप से आमने-सामने बातचीत का अवसर प्रदान करेगा। इससे पहले दोनों नेताओं की आमने-सामने की बातचीत फरवरी में वाशिंगटन में आयोजित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में हुई थी।
इसके अलावा, दोनों नेताओं की मुलाकात सितंबर 2025 में व्हाइट हाउस में और उससे पूर्व मिस्र के शर्म अल-शेख शांति सम्मेलन के दौरान भी हुई थी।
25 सितंबर को यूएनजीए को संबोधित करेंगे शहबाज शरीफ
शहबाज शरीफ स्वागत रात्रिभोज से एक दिन पहले न्यूयॉर्क पहुंचेंगे। वह 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को संबोधित करने वाले हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री अपने संबोधन के दौरान भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का मुद्दा उठा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1960 में विश्व बैंक की मध्यस्थता में हुई यह संधि भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी प्रणाली की छह नदियों के जल बंटवारे को नियंत्रित करती है।
