बिहार में 7 मई को सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर पटना में ट्रैफिक रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा, जबकि सिर्फ पासधारकों और आपातकालीन वाहनों को अनुमति दी जाएगी
पटना में 7 मई को ट्रैफिक रूट डायवर्जन लागू
बिहार में 7 मई 2026 को सम्राट कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। आयोजन के दौरान राजधानी पटना में सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक रूट में बड़े बदलाव किए गए हैं। ऐसे में यदि आप कल पटना में कहीं बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो ट्रैफिक प्लान की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
किन वाहनों को मिलेगी एंट्री
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान आम वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक कार्यक्रम की समाप्ति तक केवल आमंत्रित अतिथियों, पास धारक वाहनों, एम्बुलेन्स और शव वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति होगी।
प्रतिबंधित मार्गों की सूची
पटना जिला प्रशासन के अनुसार निम्नलिखित मार्गों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा:
- जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक का मार्ग।
- डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन गोलंबर तक का मार्ग।
- रामगुलाम चौक से दक्षिण एग्जीबिशन रोड की सड़क।
- जिलाधिकारी आवास (चिल्ड्रेन पार्क) से पुलिस लाइन तिराहा तक का मार्ग।
इसके अलावा, गांधी मैदान के बाहर चारों तरफ की सड़कों पर किसी भी प्रकार के वाहन, ठेला या खोमचा की पार्किंग पूरी तरह से वर्जित रहेगी। साथ ही, गांधी मैदान के अंदर भी किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
