कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर की गई बर्बरता आवाज दबाने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और पुलिस ज्यादतियों की निंदा की।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर राहुल गांधी का गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस द्वारा छात्रों और महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों पर ढहाई गई बर्बरता, लोगों की आवाज को दबाने और किसी को भी सवाल उठाने की हिम्मत न करने देने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट के जरिए कहा कि पुलिस की इस तरह की क्रूरता ने सभी शर्मनाक हदें पार कर दी हैं।
यौन उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “लोकतंत्र के लिए अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों और महिलाओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस की बर्बरता—यौन उत्पीड़न, कपड़े फाड़ना और शरीर के निजी अंगों पर हमले—ने शर्मनाक हदें पार कर दी हैं। यह आवाज़ों को कुचलने की उसी साजिश का हिस्सा है, जहां लोगों को इतना डरा दिया जाए, इतना अपमानित किया जाए कि कोई दोबारा सवाल उठाने की हिम्मत न कर सके।”
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए गांधी ने कहा कि मोदी-शाह अच्छी तरह जानते हैं कि जिस दिन सत्ता उनके हाथों से फिसलेगी, उनकी मनमानियों का अंत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यही वह डर है जो पुलिस तक पहुंचता है और देश के युवाओं और महिलाओं पर हिंसा भड़काता है।
महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत का वीडियो साझा
कांग्रेस नेता ने अपने इस पोस्ट के साथ एक 10 मिनट का वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह हालिया प्रदर्शनों के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर बुरी तरह प्रताड़ित की गईं कुछ युवा महिला प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
इन महिलाओं ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि कैसे पुलिसकर्मियों ने उनके निजी अंगों को निशाना बनाया और अधिकारियों ने अपने अधीनस्थों को उनके साथ यौन उत्पीड़न करने के लिए कहा। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिस पर राहुल गांधी ने उनसे मामले दर्ज कराने के वास्ते तस्वीरें और वीडियो जैसे और सबूत उपलब्ध कराने को कहा।
