रायपुर में 25 करोड़ रुपये की फिरौती का मामला
रायपुर में 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा ने 14 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
विदेशी नंबर से भेजे गए धमकी भरे संदेश
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए प्रार्थी से 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
एंटी क्राइम यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार पतासाजी की। जांच के बाद खम्हारडीह निवासी शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पास से पांच आईफोन बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच आईफोन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
मामले में पुलिस की कार्रवाई के संबंध में डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला ने जानकारी दी।
