रायपुर में न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने ही पिता पर यौन शोषण और नवजात को बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिता, बुआ सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात बेचने का गंभीर आरोप
रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और नवजात को बेचने का मामला सामने आया है। 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने ही पिता पर करीब तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर पिता और बुआ समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि जन्म के बाद नवजात को किसे और किन परिस्थितियों में सौंपा गया।
दुष्कर्म और जबरन गर्भपात की घटना
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में अमलीडीह इलाके में एक रिश्तेदार के घर आरोपी पिता ने नाबालिग को जबरन शराब पिलाई और दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि किसी को बताने पर पिता ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद भी आरोपी लगातार शोषण करता रहा, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई। बुआ को जानकारी देने पर उसने भी पिता का साथ दिया और पीड़िता को जबरन गर्भपात की दवा खिला दी।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए अस्पताल में भर्ती
पहली गर्भावस्था के बाद भी शोषण जारी रहा और वर्ष 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हो गई। इसके बाद पीड़िता की उम्र छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए।
नाबालिग को बालिग दिखाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाया गया और उसे विवाहित बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने फर्जी पहचान पत्र तैयार करने और अस्पताल में भर्ती कराने से जुड़े आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
