रायपुर पुलिस की सूचना पर नागपुर RPF की कार्रवाई: 75 लाख का कैश और सोना जब्त

समता एक्सप्रेस से नागपुर RPF द्वारा जब्त 50 लाख कैश और 25 लाख के सोने की तस्वीर

नागपुर: रायपुर पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर नागपुर मंडल आरपीएफ (RPF) टास्क टीम ने समता एक्सप्रेस (12807) से दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 50 लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये कीमत का सोना जब्त किया गया है। यह मामला रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी में हुई चोरी से जुड़ा है।

रायपुर पुलिस के इनपुट पर नागपुर RPF की बड़ी कार्रवाई

रायपुर पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर नागपुर मंडल आरपीएफ (RPF) टास्क टीम ने शनिवार को समता एक्सप्रेस (12807) में दबिश देकर दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया। RPF ने आरोपियों के पास से 50 लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये का सोना बरामद किया है।

यह पूरी कार्रवाई रायपुर के पंडरी थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 212/26, धारा 303(2) BNS से संबंधित मामले के तहत की गई है।

सीसीटीवी फुटेज और फोटो के आधार पर ट्रेन में चेकिंग

रायपुर के DOM और ASP द्वारा सूचना दी गई थी कि दो आरोपी चोरी की रकम व सोना लेकर समता एक्सप्रेस से नागपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही RPF नागपुर मंडल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरों के आधार पर भंडारा स्टेशन से ट्रेन की चेकिंग शुरू की।

इस टीम में सउनि दिलीप केनार, प्र.आर. योगेश हंबरे और प्र.आर. इंशांत दिक्षित शामिल थे। जब ट्रेन नागपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची, तो कोच S-3 में तैनात आरक्षक विजय बहादुर सिंह और आरक्षक लोकेश डोरले ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर दोनों संदिग्धों को माल समेत धरदबोचा। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए आरोपियों को RPF पोस्ट इतवारी के सुपुर्द कर दिया गया।

मोवा के अशोका आइकन कॉलोनी में हुई चोरी से जुड़ा मामला

जब्त की गई संपत्ति रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी फेस-1 में हुई चोरी से संबंधित है। कोयला कारोबारी पंकज अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 14 जुलाई से महेंद्र कुमार यादव (निवासी कटोरिया, जिला बांका, बिहार) को अपने घर में रसोइए के रूप में रखा था।

रविवार 26 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। शाम करीब सात बजे जब परिवार लौटा, तो रसोइया गायब था और अलमारी तोड़कर नकद, सोने-चांदी के जेवर, दस्तावेज और पेन ड्राइव चोरी कर लिए गए थे। जिसके बाद पंडरी थाना पुलिस ने जांच शुरू की थी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *