रांची मॉडल कॉरिडोर निर्माण में तेजी: नियमों के उल्लंघन पर 48 भवनों को नोटिस जारी

रांची नगर निगम द्वारा मॉडल कॉरिडोर निर्माण के लिए भवनों पर चिपकाया गया नोटिस

रांची: रांची नगर निगम ने मॉडल कॉरिडोर परियोजना के तहत सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई तेज कर दी है। कांके रोड राम मंदिर से धुर्वा गोलचक्कर तक बन रहे कॉरिडोर मार्ग पर नियमों के उल्लंघन पर 48 भवनों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 52 अवैध होर्डिंग्स पर भी नोटिस चस्पा किए गए हैं।

रांची में मॉडल कॉरिडोर निर्माण को लेकर नगर निगम का कड़ा रुख

रांची नगर निगम शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मॉडल कॉरिडोर विकसित कर रहा है। इसके तहत कांके रोड स्थित राम मंदिर से लेकर रातू रोड चौक, हरमू बायपास मार्ग होते हुए धुर्वा गोलचक्कर तक चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है।

सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम की टीम संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

सोमवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एन्फोर्समेंट, नगर निवेशक, राजस्व, हॉर्टिकल्चर और बाजार शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले दो हफ्तों से चलाई जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई और निर्धारित मार्ग पर अतिक्रमण हटाने, ट्रेड लाइसेंस सत्यापन और अवैध संरचनाओं की पहचान की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि 7 दिनों के भीतर झारखंड भवन उपविधि का उल्लंघन करने वाले सभी भवनों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।

48 भवनों को नोटिस और 52 अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई

नगर निवेशक शाखा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक नियमों के उल्लंघन पर 48 भवनों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें सड़क व सेटबैक क्षेत्र या गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण करने वाले 19 भवन, अवैध संरचना निर्माण करने वाले 21 भवन तथा आवासीय भवनों में कमर्शियल गतिविधियां संचालित करने वाले 8 भवन शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त बाजार शाखा ने बताया कि फुटपाथ और पाथवे पर अवैध रूप से लगाए गए 52 मोनोपोल, यूनिपोल और होर्डिंग्स पर भी नोटिस चस्पा किए गए हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *