सहरसा सदर थाना में डीआईजी का औचक निरीक्षण, एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

सहरसा सदर थाना के औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ डीआईजी डॉ. कुमार आशीष

सहरसा में कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष ने शुक्रवार को सदर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी के समय बिना वर्दी पाए जाने पर एक एएसआई और दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए।

सहरसा सदर थाना में डीआईजी का औचक निरीक्षण, एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

सहरसा में कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष ने शुक्रवार को सदर थाना का औचक निरीक्षण किया। डीआईजी के अचानक पहुंचने से थाना परिसर में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) और दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

बिना वर्दी ड्यूटी पर मिले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान एएसआई अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मोहम्मद अली खान और चौकीदार मनोज कुमार थाना परिसर में बिना निर्धारित वर्दी के सादे कपड़ों में मिले। डीआईजी ने जब उनसे ड्यूटी के समय बिना वर्दी रहने का कारण पूछा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए डीआईजी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया।

फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ड्यूटी के समय निर्धारित वर्दी में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो।

शहर की यातायात व्यवस्था की हुई समीक्षा

निरीक्षण के बाद डीआईजी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), यातायात डीएसपी और सदर थानाध्यक्ष के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में कचहरी ढाला, सुपर मार्केट बस स्टैंड, थाना चौक, शंकर चौक, चांदनी चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, गंगजला चौक, प्रशांत मोड़, शिवपुरी ढाला, पूरब बाजार रेल ढाला, तिवारी चौक, यादव चौक, कोशी चौक और पंचवटी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात सुचारु रखने की रणनीति पर चर्चा की गई।

अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

डीआईजी ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने नागरिकों से भी बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *