गुमला में DC के निर्देश के 5 दिन बाद भी नहीं बना मरीज का राशन कार्ड

गुमला में DC के निर्देश के 5 दिन बाद भी नहीं बना मरीज का राशन कार्ड

गुमला में DC के निर्देश के बाद भी मरीज को नहीं मिला लाभ

गुमला: सदर अस्पताल में भर्ती लिवर सिरोसिस से पीड़ित 30 वर्षीय जगरनाथ तिर्की के मामले में प्रशासनिक निर्देशों और जमीनी स्थिति के बीच अंतर सामने आया है। उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने बीते सोमवार अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर दो दिनों के भीतर राशन कार्ड बनाकर आयुष्मान कार्ड जारी करने का निर्देश दिया था। हालांकि पांच दिन बीतने के बाद भी दोनों कार्ड नहीं बन सके हैं।

8 जून से सदर अस्पताल में भर्ती हैं मरीज

जगरनाथ तिर्की, पिता रोपना उरांव, ग्राम काटासारू खटगांव के निवासी हैं। वह 8 जून 2026 से गुमला सदर अस्पताल के वार्ड संख्या-125 के बेड संख्या-35 पर भर्ती हैं।

मरीज का कहना है कि उपायुक्त के दौरे के बाद उन्हें उम्मीद थी कि सरकारी सुविधाएं और इलाज में तेजी आएगी, लेकिन अब तक स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

डॉक्टर और अधिकारियों के नहीं आने का आरोप

मरीज ने आरोप लगाया कि डॉक्टर भी कभी-कभी ही उन्हें देखने आते हैं। उनका यह भी कहना है कि उपायुक्त के अस्पताल दौरे के बाद सदर अस्पताल का कोई अधिकारी उनका हालचाल पूछने नहीं पहुंचा।

आर्थिक तंगी के बीच इलाज जारी

परिवार की आर्थिक स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की अध्यक्ष देवकी देवी ने मरीज की पत्नी रोहिणी कुजूर के साथ जशपुर रोड पर भिक्षाटन कर 310 रुपये जुटाए, ताकि इलाज का खर्च उठाया जा सके।

राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का इंतजार

मरीज का परिवार अब भी राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनने की प्रतीक्षा कर रहा है। उनका कहना है कि इन दस्तावेजों के अभाव में वे सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

देवकी देवी ने जांच की मांग उठाई

शनिवार शाम करीब 4 बजे प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की अध्यक्ष देवकी देवी ने आरोप लगाया कि गुमला जिले के कई प्रज्ञा केंद्रों और कैफे में 5 हजार से 8 हजार रुपये लेकर तत्काल राशन कार्ड बनाए जाने की बात सामने आती है। उन्होंने कहा कि कई संपन्न लोग पैसे के बल पर राशन कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।

देवकी देवी ने पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में आपूर्ति विभाग के कर्मियों की मिलीभगत है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *