तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया की पहल पर बीमार विश्वासी सिंदुरिया का इलाज शुरू

तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया के निर्देश पर बानो के सुदूर गांव में विश्वासी सिंदुरिया का इलाज करती स्वास्थ्य टीम।

तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया की मानवीय पहल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को बानो प्रखंड के सुदूर पहाड़टोली गांव पहुंचकर पिछले छह वर्षों से खाट पर पड़ी बुजुर्ग महिला विश्वासी सिंदुरिया का प्राथमिक उपचार किया। विधायक के निर्देश पर डॉक्टरों ने पीड़ित परिवार को बेहतर इलाज का भरोसा दिया है।

तोरपा विधायक की पहल पर सुदूर पहाड़टोली गांव पहुंची मेडिकल टीम, शुरू हुआ प्राथमिक उपचार

खूंटी और सिमडेगा क्षेत्र के तोरपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप गुड़िया का एक बड़ा मानवीय चेहरा सामने आया है। बानो प्रखंड के कनारावां पंचायत अंतर्गत सुदूर जंगल और पहाड़ों के बीच बसे पहाड़टोली गांव की रहने वाली 53 वर्षीय बुजुर्ग महिला विश्वासी सिंदुरिया पिछले 6 वर्षों से गंभीर बीमारी और विकलांगता के कारण खाट पर जिंदगी काटने को मजबूर थीं। आर्थिक तंगी के कारण उनका परिवार बेहतर इलाज कराने में पूरी तरह असमर्थ था और अब तक उन्हें कोई सरकारी मदद भी नहीं मिल पाई थी। भारत मंथन लाइव न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही विधायक को इस बेबसी की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया।

विधायक सुदीप गुड़िया ने बिना समय गंवाए बानो प्रखंड के प्रभारी स्वास्थ्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोरंजन कुमार को तुरंत पीड़ित महिला के घर पहुंचकर समुचित इलाज की व्यवस्था करने का कड़ा निर्देश दिया। विधायक के इस निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम और विधायक के प्रतिनिधि तमाम बाधाओं को पार करते हुए, करीब 1 किलोमीटर का सफर पैदल तय करके जंगल-पहाड़ों के बीच बसे माता जी के घर पहुंचे। मेडिकल टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विश्वासी सिंदुरिया का प्राथमिक उपचार शुरू किया और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता का भरोसा दिलाया।

रिम्स या सदर अस्पताल में होगा मुफ्त इलाज, सरकारी योजनाओं का भी मिलेगा लाभ

विधायक सुदीप गुड़िया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा है कि जल्द ही बुजुर्ग महिला को बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि वहां स्थिति में सुधार नहीं हुआ या आवश्यकता पड़ी, तो सिविल सर्जन से वार्ता कर उन्हें राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कराया जाएगा। विधायक ने घोषणा की कि उनके इलाज का पूरा खर्च स्वास्थ्य विभाग द्वारा वहन किया जाएगा और पीड़ित परिवार पर एक रुपए का भी आर्थिक बोझ नहीं आने दिया जाएगा। इसके साथ ही पीड़ित बुजुर्ग महिला को सभी जरूरी सरकारी योजनाओं और सहायता से जोड़ा जाएगा।

संकट की इस घड़ी में विधायक ने कहा कि हमारी सरकार और हम पूरी तरह से सिंदुरिया परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने इस सेवा कार्य को धरातल पर उतारने और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोरंजन कुमार, विधायक प्रतिनिधि तनवीर हुसैन, जगदीश बागे, कनारावां मुखिया मिंसी लीना तिर्की, उप मुखिया अमित डांग, विकास मघैया, ड्रेसर प्रेमिका कुमारी, अक्षय कुमार, मनसुख सिंदुरिया और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *