बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जुझैला के जंगल में 3 सितंबर को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया, जबकि तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
स्याहोरा के शाहपुर खेड़ी में गौवंशीय अवशेष मिलने से शुरू हुई जांच
बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शाहपुर खेड़ी के पास गांगन नदी किनारे 1 सितंबर को गौवंशीय पशु के अवशेष प्राप्त हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल स्योहारा थाने में गौवध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले के खुलासे और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी।
ग्राम जुझैला के जंगल में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़
इसी कड़ी में 3 सितंबर को स्योहारा पुलिस टीम ग्राम जुझैला के जंगल के पास चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
अवैध तमंचे, गोकशी के उपकरण व बाइक बरामद
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फिरोज (निवासी शाहपुर खेड़ी) गोली लगने से घायल हुआ, जबकि उसके दूसरे साथी विपिन (निवासी कमाला) को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। हालांकि, इनका तीसरा साथी अंधेरे का लाभ उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो .315 बोर के अवैध तमंचे, खोखा व जिंदा कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा एक प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजा गया है।
पूछताछ में कबूला जुर्म, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गांगन नदी किनारे हुई गोकशी की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने फरार साथी की पहचान राजू (निवासी शाहपुर खेड़ी) के रूप में बताई है।
स्योहारा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
