कोशी स्नातक सीट से 5 अक्टूबर को नामांकन करेंगे रजनीश रंजन
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। जन सुराज के उम्मीदवार और शिक्षाविद डॉ. रजनीश रंजन 5 अक्टूबर को पूर्णिया में नामांकन दाखिल करेंगे।
नामांकन के अवसर पर पूर्णिया के कला भवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के मौजूद रहने की जानकारी दी गई है।
जन सुराज ने 20 सितंबर को बिहार विधान परिषद की पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिसमें कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन का नाम शामिल था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी नामांकन की जानकारी
डॉ. रजनीश रंजन ने ईस्ट एन वेस्ट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नामांकन कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं के समर्थन से यदि वे एमएलसी निर्वाचित होते हैं, तो उनके अधिकारों और आकांक्षाओं को सदन में उठाएंगे। उन्होंने अपने सात निश्चयों को प्राथमिकता के आधार पर लागू कराने की बात कही।
बेरोजगार युवाओं के लिए ब्याजमुक्त ऋण का प्रस्ताव
डॉ. रजनीश रंजन ने अपने सात निश्चयों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त अनुदान ऋण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने एक पाठ्यक्रम, एक वेतनमान लागू कराने और वित्त रहित शिक्षा व्यवस्था की समस्या समाप्त करने की बात भी कही।
स्वास्थ्य और बीमा को लेकर भी रखे मुद्दे
उन्होंने सभी स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा तथा शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, संविदा कर्मियों और बेरोजगार स्नातकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया।
इसके अलावा सभी श्रेणियों के वकालतखानों की आधारभूत संरचना मजबूत कराने और अधिवक्ताओं के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर स्थापित कराने की बात कही।
पुस्तकालयों को मजबूत करने की बात
डॉ. रजनीश रंजन ने प्रमंडलीय पुस्तकालय की संरचना सुदृढ़ करने की बात कही। इसके साथ ही जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी स्थापित कराने का मुद्दा भी रखा।
अपने सातवें निश्चय के तहत उन्होंने बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक भत्ता लागू कराने को चुनावी मुद्दा बताया।
सात महीने में बीएड कॉलेज चालू कराने का दावा
डॉ. रजनीश रंजन ने कहा कि एमएलसी बनने के सात महीने के अंदर कोशी प्रमंडल मुख्यालय में बंद पड़े बीएड कॉलेज को चालू कराने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कोशी प्रमंडल मुख्यालय के एमएलटी कॉलेज, पूर्णिया प्रमंडल के पूर्णिया कॉलेज तथा भागलपुर प्रमंडल के टीएनबी कॉलेज और मुंगेर के आरडी एंड डीजे कॉलेज की पुरानी गरिमा बहाल कर उन्हें आदर्श कॉलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में काम करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं के हक और अधिकारों की आवाज सदन में मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
