कानपुर में ई-चालान व्यवस्था में बड़ा बदलाव
कानपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए परिवहन विभाग ने ई-चालान व्यवस्था में बदलाव किया है। विभाग के ई-चालान सिस्टम को ‘नेक्स्ट जेन 2.0’ वर्जन पर अपडेट किया गया है।
नए सिस्टम के तहत चालान के साथ मोबाइल पर QR कोड भेजा जाएगा। वाहन चालक QR कोड स्कैन कर घर बैठे जुर्माने की राशि जमा कर सकेंगे।
पीछे बैठी सवारी के लिए हेलमेट अनिवार्य
नए एप्लिकेशन में नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए नए विकल्प जोड़े गए हैं। अब दोपहिया वाहन पर पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं लगाने पर भी सीधे चालान काटने का विकल्प शामिल किया गया है।
इसके अलावा नशे में वाहन चलाने पर भी चालान काटने का विकल्प नए सिस्टम में उपलब्ध कराया गया है।
23 सितंबर से बंद थी ई-चालान प्रक्रिया
तकनीकी अपग्रेडेशन के चलते 23 सितंबर से ई-चालान की प्रक्रिया बंद थी। इसे सोमवार से दोबारा शुरू कर दिया गया है।
यात्री कर अधिकारी दीपक सिंह के अनुसार, सिस्टम अपडेट होने के बाद पहले दिन 150 वाहनों के चालान काटे गए। फिलहाल नए सिस्टम में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जा रहा है।
पुराने सर्वर के डेटा को नए सिस्टम में अपलोड करने की प्रक्रिया भी जारी है।
ट्रैफिक पुलिस की चालान कार्रवाई फिलहाल रुकी
दूसरी ओर, एसीपी ट्रैफिक संजय कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के ई-चालान एप्लिकेशन अलग-अलग हैं।
पुलिस विभाग के ई-चालान एप्लिकेशन का अपडेशन शनिवार से चल रहा है। इस पर काम जारी होने के कारण फिलहाल ट्रैफिक पुलिस द्वारा की जाने वाली चालान कार्रवाई रुकी हुई है।
