अक्सर लोग अपने चेहरे, होंठ और हाथों की देखभाल पर तो खास ध्यान देते हैं, लेकिन पैरों को नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर एड़ियों के फटने का कारण बनती है। सर्दियों में यह समस्या ज्यादा बढ़ जाती है, हालांकि गर्म मौसम में भी एड़ियां फट सकती हैं। फटी एड़ियों की वजह से कई महिलाएं अपनी पसंद की खूबसूरत सैंडल पहनने से बचती हैं।
इस परेशानी से राहत पाने के लिए लोग महंगे क्रीम-लोशन खरीदते हैं या तरह-तरह के घरेलू उपाय अपनाते हैं, लेकिन कई बार मनचाहा परिणाम नहीं मिल पाता। ऐसे में जरूरी है सही और नियमित केयर रूटीन अपनाना। आइए जानते हैं पैरों को मुलायम और दरारों से मुक्त रखने के आसान तरीके।
गुनगुने पानी से दें आराम
दिनभर चलने-फिरने से पैरों में धूल और गंदगी जमा हो जाती है, जिससे त्वचा सख्त हो सकती है। रोजाना करीब 10 मिनट तक पैरों को हल्के गर्म पानी में डुबोकर रखने से उन्हें आराम मिलता है और त्वचा नरम बनी रहती है।
डेड स्किन हटाएं
पैरों की सफाई के लिए फुट फाइल या प्यूमिस स्टोन का उपयोग करें। ध्यान रखें कि ज्यादा जोर न लगाएं, बल्कि हल्के हाथों से स्क्रब करें। चाहें तो शहद या चीनी मिलाकर घर पर भी स्क्रब तैयार कर सकते हैं। इससे मृत त्वचा और जमी गंदगी साफ हो जाती है।
तेल से करें मसाज
नहाने के बाद या पैरों को धोने के बाद, जब वे थोड़े नम हों, तब नारियल या बादाम तेल से हल्की मालिश करें। इससे त्वचा को गहरी नमी मिलती है और एड़ियां जल्दी ठीक होती हैं। नियमित मसाज से पैरों की त्वचा लंबे समय तक मुलायम बनी रहती है।
कॉटन मोजे पहनें
तेल या मॉइस्चराइजर लगाने के बाद सूती मोजे पहनना फायदेमंद रहता है। इससे नमी लॉक हो जाती है और एड़ियां फटने से बचती हैं। खासकर ठंड में यह आदत काफी लाभकारी है।
सख्त सतह से बचाव
बहुत सख्त जमीन पर नंगे पैर चलने से एड़ियां ज्यादा खराब हो सकती हैं। कोशिश करें कि आरामदायक और मुलायम जूते पहनें। घर में भी चप्पल या सॉफ्ट फुटवियर पहनने की आदत डालें।
एड़ियां फटने के प्रमुख कारण
- त्वचा में अत्यधिक रूखापन
- पैरों की सफाई में लापरवाही
- पोषण की कमी
- ज्यादा ठंड या गर्मी
- लंबे समय तक खड़े रहना
- डायबिटीज या थायरॉइड जैसी बीमारियां
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। यह विभिन्न शोध और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
