धनबाद: बीएसएफ जवान ने पुश्तैनी मकान और जमीन पर अवैध कब्जे का लगाया आरोप, डीसी से लगाई गुहार

धनबाद: बीएसएफ जवान ने पुश्तैनी मकान और जमीन पर अवैध कब्जे का लगाया आरोप, डीसी से लगाई गुहार

धनबाद: कतरास बाजार की टांड़ बस्ती में रहने वाले बीएसएफ जवान मोहम्मद मिनाज इन दिनों अपने ही घर और जमीन की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका आरोप है कि कुछ भू-माफियाओं ने पहले फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी पुश्तैनी जमीन में हेरफेर की कोशिश की और अब उनके मकान पर अवैध कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं, घर की ओर सीसीटीवी कैमरा लगाकर परिवार की निजता में दखल दिया जा रहा है। जवान ने इस संबंध में उपायुक्त को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है।

मोहम्मद मिनाज फिलहाल पंजाब में तैनात हैं। उनका कहना है कि उनकी गैरहाजिरी का फायदा उठाते हुए उनकी 95 डिसमिल पैतृक जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी करने की कोशिश की गई। आरोप है कि जाकिउल्लाह उर्फ तनवीर नामक व्यक्ति ने पहचान छिपाकर फर्जी कागजात बनवाए और राजस्व अभिलेख में जमीन का रकबा कम करवा दिया। बाद में जांच में यह अनियमितता सामने आई और रिकॉर्ड को ठीक किया गया।

हालांकि, जवान का आरोप है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। अब प्रेम महतो नामक व्यक्ति ने उनके घर और संपत्ति पर कब्जा जमा लिया है। परिवार का कहना है कि मकान की ओर कैमरा लगने से घर की महिलाएं असहज महसूस कर रही हैं। साथ ही, परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर बीएसएफ जवान को पंजाब से छुट्टी लेकर घर आना पड़ा। उनकी मां मजिबर बीबी ने कहा कि बेटा देश सेवा में तैनात है और पीछे परिवार को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और संबंधित अंचलाधिकारी को जांच का निर्देश दिया गया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।

वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि किसी की जमीन या मकान पर अवैध कब्जा करना कानूनन अपराध है। जांच के बाद यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *