पिपरवार (रांची): अफवाह ने ली एक और जान
पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो स्थित चिरैयाटांड गांव में बच्चा चोर होने के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के बरवाटोली निवासी रामबली रजवार के रूप में हुई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और छाती पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.
क्या है पूरा मामला
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रामबली रजवार को बचरा क्षेत्रीय अस्पताल ले गई. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन रात में हालत बिगड़ने पर दोबारा अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
परिजनों के अनुसार, मृतक मिर्गी से पीड़ित था और इलाज के लिए मैक्लुस्कीगंज आया था. हाल के दिनों में उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी. भटकते हुए वह किचटो गांव पहुंच गया, जहां ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पिटाई कर दी.
परिजन दो दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे. सोशल मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिलने पर वे पिपरवार थाना पहुंचे, जहां उन्हें मौत की सूचना मिली.
पुलिस की कार्रवाई
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार और पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम को भेजा गया था. पुलिस ने व्यक्ति को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया.
घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है. पिटाई में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें.
