अफवाह ने ली हिंसक रूप
रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक अधेड़ विधवा महिला को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। समय पर पुलिस के पहुंचने से महिला की जान बच सकी।
ट्रेन से भटककर पहुंची थी गांव
जानकारी के अनुसार, मनीषा देवी नामक महिला गुड़गांव से आसनसोल ट्रेन से जा रही थी। टोकीसूद स्टेशन पर ट्रेन के अधिक देर तक रुकने पर वह नीचे उतर गई और भटकते हुए टेरपा गांव पहुंच गई।
विधवा और भीख मांगकर जीवन यापन करने वाली महिला ग्रामीणों से मदद मांग रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया। भाषा की समस्या और पहचान न होने के कारण महिला अपनी बात नहीं रख सकी और भीड़ ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस की तत्परता से बची जान
गांव के उपमुखिया उज्ज्वल कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पतरातू थाना के एएसआई अर्जुन ठाकुर मौके पर पहुंचे और महिला को भीड़ से छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू में भर्ती कर इलाज कराया गया।
एसपी की अपील
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने लोगों से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें।
ग्रामीण क्षेत्रों में फैलती अफवाहें कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन रही हैं। ऐसे में जागरूकता और संयम जरूरी है।
