रामगढ़ ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा: अंतरजिला गिरोह का सरगना समेत चार गिरफ्तार

रामगढ़ ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा: अंतरजिला गिरोह का सरगना समेत चार गिरफ्तार

रामगढ़: गोला के ज्वेलरी दुकानदार से हुई सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. इस मामले में अंतरजिला अपराधी गिरोह के सरगना समेत चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.

यह घटना 4 फरवरी 2026 की शाम भेड़ा पुल के पास हुई थी, जहां ज्वेलरी दुकानदार बिहारी प्रसाद स्वर्णकार से हथियार के बल पर नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल और मोटरसाइकिल की चाबी लूट ली गई थी.

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सबसे पहले दीपक कुमार को रांची से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर हथियार, गोली, लूटे गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई.

इसके बाद गिरोह के सरगना मो. सद्दाम उर्फ छोटू समेत तीन अन्य अपराधियों को हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उनके पास से लूटे गए आभूषण, मंगलसूत्र, चेन, दो मोटरसाइकिल, एक कार, 1 देसी कट्टा और 8 एमएम की एक गोली बरामद की है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना पहले भी बोकारो, रामगढ़ और आसपास के इलाकों में डकैती, लूट और चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *