गिरिडीह में पीटी टीचर पर छात्र को थप्पड़ मारने का आरोप, कान का पर्दा फटने की प्राथमिकी दर्ज

गिरिडीह में पीटी टीचर पर छात्र को थप्पड़ मारने का आरोप, कान का पर्दा फटने की प्राथमिकी दर्ज

गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हरसिंगरायडीह स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 8 के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि पीटी शिक्षक द्वारा मारे गए थप्पड़ से छात्र के दाहिने कान का पर्दा फट गया.

पचम्बा थाना क्षेत्र के कोयरीटोला निवासी दिलीप कुमार ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन में कहा गया है कि 14 फरवरी को सुबह लगभग 9:30 बजे असेंबली के दौरान बाल छोटे होने के बावजूद बड़े होने की बात कहकर शिक्षक अली राजा ने उनके पुत्र के कान पर जोरदार थप्पड़ मारा.

परिजनों के अनुसार घर लौटने के बाद छात्र ने कान दर्द और सुनने में परेशानी की शिकायत की. सदर अस्पताल और मर्सी अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने दाहिने कान का पर्दा फटने और लगभग 30 प्रतिशत सुनने की क्षमता प्रभावित होने की पुष्टि की.

पीड़ित पिता ने शिक्षक अली राजा, प्राचार्या सोनी तिवारी और चेयरमेन बलजीत सिंह सलूजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

आरोपी शिक्षक ने घटना को गंभीर मानने से इनकार किया है. वहीं स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक को निलंबित करने की बात कही है. निदेशक ने छात्र के इलाज का पूरा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया है. अभिभावक संघ ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *